नेपाल में भारी बारिश, बाढ़ के मद्देनजर चंपावत प्रशासन अलर्ट मोड पर

ख़बर शेयर करें

 

  •  चंपावत (आर. मुरारी)

    नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सीमावर्ती चम्पावत जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन और एसडीआरएफ को अलर्ट मोड पर रखा गया है। शारदा नदी से जुड़े संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।

नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की आशंका के मद्देनजर चम्पावत जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। टनकपुर स्थित एसडीआरएफ टीम को हाई अलर्ट पर रखा गया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।

एसडीआरएफ के जवान शारदा बैराज, शारदा घाट और अन्य संवेदनशील तटीय क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों, मछुआरों और यात्रियों को जलस्तर बढ़ने की संभावनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही लोगों से नदी के किनारों पर अनावश्यक रूप से न जाने की अपील भी की जा रही है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर नदी के जलस्तर और मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से भी हालात की निगरानी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों के लिए टीमें पूरी तरह तैयार हैं। लोगों से बच्चों और पशुओं को भी नदी किनारों से दूर रखने की सलाह दी गई है।

नेपाल में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सीमावर्ती चम्पावत में एहतियाती कदम तेज कर दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।