(विशेष संवाददाता)
इटावा,31 अगस्त–। सफारी पार्क में डेढ़ महीने से बीमार चल रही बब्बर शेरनी राधिका की मौत हो गई है। बीते आठ जुलाई को नौ वर्षीय राधिका की पूंछ को बब्बर शेरनी नीरजा ने काट लिया था जिसके बाद घायल शेरनी राधिका का इलाज मथुरा के पंडित दीन दयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ के द्वारा किया जा रहा था उपचार के दौरान बब्बर शेरनी राधिका ने दम तोड़ दिया है।
बब्बर शेरनी राधिका के शव का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल के द्वारा करवाया जा रहा है।प्रथम दृष्टया अत्यधिक कमजोरी होने के कारण मल्टी ऑर्गन फैलियर होने से शेरनी की मौत हुई है।डॉक्टरों ने बब्बर शेरनी का विसरा एकत्र कर आई. वी. आर. आई. बरेली भेजा गया है ताकि शेरनी की मृत्यु का वास्तविक कारण पता चल सके।
