कलंकित होते रिश्ते, 16 साल की किशोरी को उसके 70 वर्षीय दादा ने बना दिया गर्भवती।पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

ख़बर शेयर करें

 

हाथरस,23 अगस्त– उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जनपद के सिकंदराराऊ इलाके में 16 साल की किशोरी के गर्भवती मिलने के बाद उसके 70 वर्षीय दादा पर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है।

किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

यह मामला तब खुला, जब शनिवार को किशोरी ने पेट में दर्द की शिकायत की। परिवार के लोग उसे डॉक्टर के पास लेकर गए। जांच के दौरान पता चला कि किशोरी करीब ढाई महीने की गर्भवती है। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची और किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल जांच में भी गर्भावस्था की पुष्टि हुई।

 

पुलिस के अनुसार, किशोरी की मां की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपने पिता और दादा के साथ रहती थी। किशोरी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि करीब तीन-चार महीने पहले वह अपने रिश्तेदार के घर से वापस सिकंदराराऊ आई थी। इसके बाद 20 जून को उसके दादा ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

किशोरी का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी ने उसे परेशान करना जारी रखा। उसके मुताबिक, जब पिता काम के सिलसिले में घर से बाहर चले जाते थे और वह घर में अकेली होती थी, तब आरोपी उसके साथ कथित तौर पर यौन शोषण करता था।

 

किशोरी के बयान और मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने उसके 70 वर्षीय दादा के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।क्षेत्राधिकारी अमित पाठक के मुताबिक, किशोरी का मेडिकल कराया गया है और उसमें गर्भावस्था की पुष्टि हुई है। अब पुलिस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटा रही है।

 

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। किशोरी के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी के खिलाफ नाबालिग से जुड़े यौन अपराध के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।