- रुद्रपुर (अनमोल आहूजा)19 अगस्त– उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में 10 जुलाई की रात को एक ट्रक में आग लगने से चालक बलविंदर सिंह की जलकर मौत हो गई थी। बलविंदर सिंह रामपुर का रहने वाला था। शुरुआती दौर में पुलिस को यह मामला एक हादसा लगा लेकिन जब पुलिस की तफ्तीश आगे बढ़ी तो पुलिस की आँखे फटी रह गई क्योंकि बलविंदर सिंह की मौत एक खौफनाक साजिश का हिस्सा था और हत्या को एक दुर्घटना साबित करने का यह सारा प्लान उसकी रुद्रपुर में रहने वाली प्रेमिका अमनदीप कौर ने बनाया था। अमन ने अपने प्रेमी से पीछा छुड़ाने के लिए ट्रक के केबिन में बातचीत के दौरान लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार करके बेहोश कर दिया और फिर साक्ष्य मिटाने और मामलेे को दुर्घटना का रूप देने के लिए केबिन में डीजल डालकर आग लगा दी थी।
पूरनपुर पुलिस को ट्रक में भीषण आग लगने की सूचना मिली पुलिस और दमकल विभाग ने जब आग बुझाई तो उन्हें केबिन से जला हुआ शव मिला। मृतक की पहचान बलविंदर सिंह के रूप में हुई। मृतक के भाई गुरमीत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पूरनपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। जब पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य के मदद से अपनी जांच का दायरा बढ़ाया तो पुलिस के सामने सारी साजिश बेनकाब हो गई।
काल डिटेल ने खोला हत्या का राज
पुलिस ने जब बलविंदर की कॉल डिटेल निकाली तो पता चला कि वो एक नंबर से लगातार संपर्क में था।जांच में वह नंबर अमनदीप का निकला जो घटना के बाद से लगातार बंद था। इसके बाद पुलिस ने मृतक बलविंदर के गांव जाकर खोजबीन की तो उसे बलविंदर और अमनदीप कौर के बीच प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली जिसके बाद पुलिस ने रुद्रपुर की सोढ़ी कालोनी निवासी अमनदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो अमनदीप ने अपना जुर्म कबूल लिया। पीलीभीत एसपी सुकृति माधव के अनुसार अमनदीप कौर पिछले दो-तीन साल से जारी प्रेम संबंध को खत्म करना चाहती थी जबकि बलविंदर सिंह यह रिश्ता खत्म नहीं करना चाहता थी। इसी कारण आरोपी ने इस घटना को अंजाम दे दिया।
